जयपुर, 16 जुलाई। जीएसटी की सफल क्रियान्विति को लेकर केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल की अध्यक्षता में रविवार को उदयपुर संभाग के वाणिज्यिक कर एवं केन्द्रीय उत्पाद शुल्क अधिकारियों तथा व्यावसायिक संगठनों की मौजूदगी में व्यापक विचार-विमर्श के साथ जीएसटी के महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं का आदान-प्रदान हुआ।
कलेक्टे्रट सभागार में आयोजित परिचर्चा बैठक में उदयपुर सांसद श्री अर्जुनलाल मीणा, चित्तौड़गढ़ सांसद श्री सी.पी.जोशी, जिला प्रमुख श्री शांतिलाल मेघवाल, जिला कलक्टर श्री बिष्णुचरण मलिक, केन्द्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त श्री सी.के.जैन एवं राज्य कर विभाग की संयुक्त आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी सहित बड़ी संख्या में संभाग के अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर देशभर में जीएसटी की क्रियान्विति पर व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी एवं सुझावों को लेकर देशभर में 40 मंत्रियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के दौरे किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन उदयपुर में हुआ।
बैठक में राजस्थान के लिए नियुक्त प्रभारी केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि जीएसटी के रूप में समूचे देश के लिए र्आथिक सुधार की दिशा में इन्फॉर्मल इकॉनामी को फॉर्मल इकॉनामी से जोड़ने का ऎतिहासिक कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी एशिया की है ऎसे में उत्कृष्ट र्आथिक सुधारों के जरिए हमारा देश इंग्लैंड, जापान, फ्रांस व जर्मनी की इकॉनामी को भी पीछे छोड़ देगा।
अधिकारियों से लिए फीडबैक
केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री ने सर्वप्रथम जीएसटी को क्षेत्र विशेष की विशिष्ट समस्याओं को लेकर एवं उनके व्यावहारिक निराकरण के सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने जीएसटी कानून इंटरप्रिटेशन में आने वाली समस्याएं तथा कानून की क्रियान्विति में व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए इन्हें दूर करने के सुझाव भी लिए।
श्री मेघवाल ने कहा कि सरकार देश के टे्रड एवं इंडस्ट्री क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के प्रति गंभीर है और देश के हर क्षेत्र से आने वाले उपयोगी सुझावों को जीएसटी काउंसिल के समक्ष रखा जाकर उनका उचित हल निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में फर्टीलाइजर, प्रिंटर, ई वे बिल जैसे मुद्दों में जीएसटी काउंसिल ने व्यावहारिक हल निकाल कर राहत प्रदान की है।

