पीसीपीएनडीटी एक्ट के लिए नई संभाग स्तरीय निगरानी व्यवस्था
महेंद्र सिंह चारण को बनाया बीकानेर व जोधपुर संभाग के राज्य निरीक्षण दल का सदस्य
देश में बेटी बचाओ अभियान में सिरमौर बनकर उभरे राजस्थान में पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 की और बेहतर पालना और कन्या भ्रूण हत्या पर पूर्ण विराम लगाने माह मई 2017 के लिए नई संभाग स्तरीय निगरानी प्रणाली लागू की जा रही है। इसके तहत राज्य समुचित प्राधिकारी व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक नवीन जैन द्वारा 4 राज्य निरीक्षण दल गठित कर शक्तियां प्रत्यायोजित की गई हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चैधरी ने जानकारी दी कि बीकानेर पीसीपीएनडीटी समन्वयक महेंद्र सिंह चारण को बीकानेर व जोधपुर संभाग के लिए प्राधिकृत 4 सदस्स्यीय निरीक्षण दल का सदस्य बनाया गया है। वे एसीएमएचओ, जोधपुर डॉ. सुनील कुमार बिष्ट के नेतृत्व में दोनों संभागों के जिलों में निगरानी व निरीक्षण का कार्य करेंगे।
महेंद्र सिंह चारण ने बताया कि राज्य निरीक्षण दल को पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 के अंतर्गत निरीक्षण, तलाशी, जब्ती, अभिलेख मांगने, उनका मुआयना करने, सक्षम न्यायालय में वाद प्रस्तुत करने जैसी उच्च स्तरीय शक्तियां प्राप्त होंगी। चारण के अनुसार इस नई व्यवस्था से निश्चय ही भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त सोनोग्राफी केन्द्रों को बेनकाब करने में मदद मिलेगी और राजस्थान बेटी बचाओ अभियान में नए झंडे गाड़ेगा।

