बालोतरा, 21 जनवरी। ग्राम पंचायत सांगरानाडी में बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क मरम्मत, राजस्व प्रकरण, पट्टा वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजनाएं, स्वच्छता, चिकित्सा एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही प्रशासनिक समाधान उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें जिला या उपखंड कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। चौपाल के दौरान कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रेषित कर निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से सीधे संपर्क करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हीराराम कलबी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, तहसीलदार रुस्तम खान, विकास अधिकारी चूनाराम बिश्नोई सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
