बायतु (बाड़मेर)।
आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय बायतु के कक्षा दसवीं के छात्र गजेंद्र कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारत सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए संचालित श्रेष्ठा योजना में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गजेंद्र कुमार ने ऑल इंडिया स्तर पर 244वीं रैंक प्राप्त की है।
मेकरणा निवासी गजेंद्र कुमार के पिता शैम्भूराम एक किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद गजेंद्र ने कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की। उल्लेखनीय है कि गजेंद्र के बड़े भाई श्रवण कुमार भी प्रतिभाशाली छात्र हैं और वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
श्रेष्ठा योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा शिक्षा, आवास, भोजन एवं समस्त शुल्क का वहन किया जाता है। यह योजना चयनित क्षेत्रों में निवास करने वाले अनुसूचित जाति के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
गजेंद्र कुमार के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने गजेंद्र को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

