
Journalist Mohit Dave@ बालोतरा – प्रदेश के बहुप्रतीक्षित और देश के सबसे बड़े ड्रीम प्रोजेक्ट माने जा रहे रिफाइनरी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिफाइनरी के उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 28 जनवरी को प्रस्तावित दौरा है, जहां वे अपने कर-कमलों से रिफाइनरी का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कार्यक्रम स्थल, रूट प्लान, सुरक्षा व्यवस्था सहित तमाम तैयारियों को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। रिफाइनरी उद्घाटन समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन स्तर पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
यह रिफाइनरी परियोजना प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होने जा रही है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
लंबे इंतजार के बाद अब वह घड़ी नजदीक है, जब देश का यह ड्रीम प्रोजेक्ट पूरी तरह साकार होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों रिफाइनरी का उद्घाटन किया जाएगा।
