जोधपुर – राजस्थान में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की संयुक्त टीम ने आतंकी नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने जोधपुर और जालोर जिलों में एक साथ छापेमारी कर तीन मौलवियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए मौलवियों में जोधपुर का अयूब, पीपाड़ का मसूद, और सांचौर का उस्मान शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इन सभी के विदेशी फंडिंग और आतंकी संगठनों से संपर्क के सुराग मिले हैं।
एजेंसियों ने आरोपियों के ठिकानों से कई दस्तावेज़, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, अयूब को जोधपुर के चौखा इलाके से, उस्मान को सांचौर के झेरडियावास मदरसे से और मसूद को पीपाड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।बताया जा रहा है कि अयूब के हिरासत में लिए जाने के बाद मसूद कुछ समय के लिए भूमिगत हो गया था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी के जरिए उसे भी ट्रेस कर लिया। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है और एनआईए की विशेष टीम आगे की जांच में जुटी हुई है
