सेखाला तहसील के ग्राम गड़ा, जो महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर उदय सिंह भाटी की जन्मभूमि है, वहां शेरगढ़ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह चौधरी का गरिमामय दौरा हुआ। इस दौरान उन्होंने ब्रिगेडियर उदय सिंह भाटी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कर्नल चौधरी ने कहा कि धोराधरा की यह भूमि शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणास्रोत रही है। उन्होंने ब्रिगेडियर भाटी के सुपुत्र करण सिंह भाटी एवं अन्य परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका सम्मान किया और इसे अपने लिए गौरवपूर्ण अनुभव बताया।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत भवन में गौरव सेनानियों के लिए समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे। कई मामलों का मौके पर ही समाधान करते हुए आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी किए गए, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित रिकॉर्ड कार्यालयों से पत्राचार किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने आश्वासन दिया कि शेरगढ़ जिला सैनिक कल्याण कार्यालय पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों की सेवा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। यह कार्यक्रम देशसेवा, अनुशासन और त्याग की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता रहा।

