आसींद कस्बे में प्रशासन की सक्रियता के चलते शहर की तस्वीर बदलती नजर आने लगी है। उपखंड अधिकारी एवं नगर पालिका प्रशासक परमजीत सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद शहर के सुनियोजित विकास को लेकर स्पष्ट रूप से अपनी प्राथमिकताएं तय कर दी हैं। उन्होंने स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था सुधार को प्रशासन का मुख्य फोकस बताया है।
एसडीएम परमजीत सिंह ने नगर पालिका अधिकारियों को शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि आसींद को केवल साफ-सुथरा ही नहीं बल्कि एक आदर्श और व्यवस्थित कस्बे के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रहा है। मुख्य बाजारों और मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को हटाने की तैयारी कर ली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम परमजीत सिंह ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि वे शहर को सुंदर बनाने में सहयोग करें, अतिक्रमण न करें और स्वच्छता बनाए रखें। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से शहरवासियों और व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही आसींद एक स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित कस्बे के रूप में नई पहचान बनाएगा।

