चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल मुख्य अतिथि, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न, ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
बामणोर गांव में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अंबेडकर सर्किल (चार रास्ता) पर उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक समरसता और संविधान निर्माता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम में चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही और पूरे माहौल में “जय भीम” के नारों की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डॉ. प्रियंका चौधरी ने अपने संबोधन में महिला आरक्षण लागू किए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस अवसर पर शिव पूर्व प्रधान उदाराम मेघवाल, चौहटन पुलिस उप अधीक्षक जेठाराम जयपाल, धनाऊ सीआई दीप सिंह भाटी, बामणोर के पूर्व सरपंच गुलाम शाह, धनाऊ उप प्रधान सूजा मोहम्मद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विशेष बात यह रही कि अतिथियों के गांव में प्रवेश करते ही जेसीबी मशीनों के माध्यम से फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी भव्य हो गया।

