पादरू, बालोतरा
पादरू क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धारणा में नए रसोईघर के निर्माण की नींव रखी गई है। यह रसोईघर विद्यालय के नवनिर्मित भवन में बनाया जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि गणपत सिंह राठौड़, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि बीजाराम मेघवाल, प्रधानाचार्य रामनिवास दिवाकर और विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति में नींव पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।इस रसोईघर का निर्माण जन सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें गांव के सभी 36 कौम के लोग आर्थिक योगदान दे रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालय में अध्यनरत विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है। ग्रामीणों ने इस दौरान विद्यालय में अन्य भौतिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी अपने सुझाव दिए।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस रसोईघर का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। यदि बजट में कोई कमी आती है, तो कई भामाशाहों ने अतिरिक्त आर्थिक सहयोग देने की इच्छा जताई है। ग्रामीणों का मानना है कि एक आदर्श रसोईघर स्थापित होने से बच्चों को बैठने, भोजन करने और मध्याह्न भोजन योजना (MDM) का पूरा लाभ उठाने का बेहतर अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण मध्याह्न भोजन योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए विद्यालय में तीन कुक-कम-हेल्पर कार्यरत हैं। हस्तीमल, महादेव राम, मोटा राम पंवार, ओमप्रकाश, सुमेरसिंह सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने इस पहल की सराहना की और ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया।

