बाड़मेर जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत हो चुकी है…
अब स्व गणना का दौर खत्म होने के बाद प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों का सर्वे कर रहे हैं।
उप जिला जनगणना अधिकारी डाॅ कुंज बिहारी खंडेलवाल ने बताया कि जिले के 13 चार्ज स्तरों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना किट वितरित की गई है।
आगामी 3 दिनों तक प्रगणक अपने-अपने ब्लॉकों में नजरी नक्शे तैयार करेंगे, जिसके बाद 19 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा।
बाड़मेर जिले में इस बार 2652 प्रगणक और 449 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जो घर-घर जाकर सर्वे पूरा करेंगे।
जनगणना सेल के सहायक सांख्यिकी अधिकारी कैलाश ओझा के अनुसार जिले में कुल 3586 ब्लॉक बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक ब्लॉक में करीब 700 से 800 लोगों और 150 से 200 मकानों को शामिल किया गया है।
जिले को 13 चार्ज में बांटा गया है, जिनमें 11 तहसीलें और 2 नगरीय निकाय — चौहटन और बाड़मेर शामिल हैं।
इस चरण में प्रगणक भवनों से जुड़े 34 सवालों के जरिए मकान, परिवार, रसोई गैस, पानी, शौचालय, नाली व्यवस्था, कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल, वाहन समेत कई जरूरी जानकारियां जुटाएंगे।
