बालोतरा जिले के सिवाना कस्बे के लिए गर्व का क्षण है। आदर्श बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय सिवाना की कक्षा 10 की छात्रा अनिता कंवर ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से सिवाना का नाम रोशन किया है। अनिता का चयन राजस्थान अंडर-17 हॉकी टीम में हुआ है।
विद्यालय के प्रशिक्षक एवं प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह भायल ने बताया कि अजमेर के बांदनवाड़ा में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के पश्चात अनिता का चयन राज्य टीम के लिए किया गया। चयन के बाद राज्य टीम का प्रशिक्षण शिविर भी बांदनवाड़ा, अजमेर में ही आयोजित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि राजस्थान अंडर-17 हॉकी टीम आगामी राष्ट्रीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेगी, जो 27 जनवरी से 2 फरवरी तक रांची (झारखंड) में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में अनिता राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना कौशल दिखाएंगी।
उल्लेखनीय है कि अनिता कंवर पूर्व में भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। हाल ही में फूलन में आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में उन्हें बेस्ट खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इससे पहले भी अनिता तीन बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बालोतरा जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
अनिता के चयन पर विद्यालय स्टाफ, ग्रामीणों एवं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। सभी ने अनिता को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं, आदर्श बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय सिवाना के दो छात्र एवं एक छात्रा खिलाड़ी भी इस वर्ष अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटे हैं, जो विद्यालय की खेल प्रतिभा को दर्शाता है।

