सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विद्यालय विकास के लिए हुई लाखों की घोषणाएं
शेरगढ़ में विद्या भारती आदर्श शिक्षण संस्थान जोधपुर द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़ एवं श्रीमती हाऊदेवी खींवराज टावरी बालिका आदर्श विद्या मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य संत श्री श्री 1008 शिवगिरी जी महाराज, मुख्य अतिथि बाबू सिंह राठौड़, कार्यक्रम अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़ सहित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं शारीरिक कार्यक्रमों में डंबल, योग और पिरामिड प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। घोष प्रदर्शन ने भी सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय विकास के लिए कुल 72 लाख 77 हजार रुपए की घोषणाएं की गईं। विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने विद्यालय भूमि पर लगभग 50 लाख रुपए की लागत से इंडोर खेल स्टेडियम तथा दोनों विद्यालयों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के तहत बड़े टांके बनाने की घोषणा की।
प्रशासक प्रतिनिधि महेंद्र सिंह राठौड़ ने बालिका विद्यालय में सुलभ कॉम्प्लेक्स हेतु 3 लाख 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। वहीं डॉ. कानाराम सुथार ने विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 3 लाख 51 हजार रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम में कई समाजसेवियों एवं भामाशाहों ने भी विद्यालय विकास के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं कीं।
इस दौरान राजकीय सेवाओं में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। MBBS, थल सेना, फार्मासिस्ट, LDC, AIIMS नर्सिंग ऑफिसर और IB सहित विभिन्न क्षेत्रों में चयनित विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।
अतिथियों का स्वागत प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार पालीवाल ने किया, जबकि वार्षिक प्रतिवेदन कैलाशदान द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन आचार्य देवेंद्र सिंह चौहान एवं दीपिका गोयल ने किया।
📍 शेरगढ़, जोधपुर
🎤 रिपोर्टर : कुलदीप टेलर

