सिवाना में घर-घर पहुंची टीम, सैटेलाइट मैप से तैयार हो रहे असली नक्शे
बालोतरा जिले की सिवाना तहसील में डिजिटल जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत हो चुकी है…
जहां अब प्रगणक और पर्यवेक्षक धरातल पर वास्तविक नज़री नक्शे तैयार करने में जुट गए हैं।
चार्ज अधिकारी रायचंद देवासी के नेतृत्व में टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण का कार्य कर रही हैं। सैटेलाइट मैप की मदद से प्रत्येक क्षेत्र का सटीक सर्वे किया जा रहा है, ताकि आगामी जनगणना पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
बताया गया है कि यह फील्ड कार्य 14 जून तक पूरा किया जाएगा। शुरुआती तीन दिनों में प्रगणक अपने पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में निर्धारित क्षेत्रों का निरीक्षण कर वास्तविक नक्शे तैयार कर रहे हैं।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों का सहयोग भी लगातार मिल रहा है, जिससे जनगणना कार्य में तेजी और उत्साह दोनों देखने को मिल रहे हैं।
इसी क्रम में चार्ज अधिकारी रायचंद देवासी ने सिवाना तहसील की मोतीसरा ग्राम पंचायत का दौरा कर मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्मिकों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी से करने के निर्देश दिए तथा सकारात्मक मार्गदर्शन देकर टीम का उत्साहवर्धन किया।

