वन्यजीवों के लिए बनी जीवनरेखा, सज्जन सिंह राव की अनूठी पहल
📍 रानीवाड़ा
🎤 रिपोर्टर : जितेंद्र दहिया
रानीवाड़ा क्षेत्र के रामपुरा सिलासन गांव में भीषण गर्मी के बीच वन्यजीवों और पशु-पक्षियों के लिए राहत पहुंचाने वाली एक सराहनीय पहल सामने आई है। सज्जन सिंह राव ने अपने निजी कृषि फार्म से पाइपलाइन जोड़कर सूखे पड़े बांध में पानी छोड़ा, जिससे क्षेत्र के वन्यजीवों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीणों के अनुसार बांध पूरी तरह सूख चुका था और आसपास पानी का कोई अन्य स्रोत उपलब्ध नहीं था। ऐसे में सज्जन सिंह राव ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए अपने खेत से पाइपलाइन के जरिए बांध तक पानी पहुंचाया।
इस पहल से इलाके में विचरण करने वाले गौवंश, नीलगाय, मोर, कबूतर, खरगोश, बंदर, कछुए, लोमड़ी, तीतर, बटेर सहित अनेक छोटे-बड़े पशु-पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था हो सकी है। वहीं आसपास के ग्रामीणों के पशु भी इसी बांध पर पानी पीने पहुंचते हैं।
सज्जन सिंह राव ने बताया कि गर्मियों में हर वर्ष जल संकट बढ़ने से वन्यजीवों को भारी परेशानी होती है। इसी को देखते हुए उन्होंने बांध में पानी छोड़ने का निर्णय लिया, ताकि बेजुबान जीवों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने बताया कि सज्जन सिंह राव हर वर्ष गर्मी के मौसम में इस प्रकार के सेवा कार्य करते हैं। बांध में पानी भरने से पूरे जंगली क्षेत्र में रहने वाले पशु-पक्षियों को राहत मिली है। लोगों ने इस पहल को प्रेरणादायक और पुण्य का कार्य बताया है।

