ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का जताया आभार
📍 बाड़मेर
पोकरासर ग्राम पंचायत की भीलों की ढाणी में रविवार को मीठे पानी का टैंकर पहुंचने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। लंबे समय से खारे पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर आभार जताया।
दरअसल, शनिवार को चिन्मयी गोपाल ने जल स्रोतों के निरीक्षण के दौरान भीलों की ढाणी का दौरा किया था। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें बताया कि स्थानीय ट्यूबवेल का पानी अत्यधिक खारा होने के कारण पीने योग्य नहीं है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने मौके पर ही जलदाय विभाग के अधिकारियों को टैंकरों के जरिए मीठे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
उपखंड अधिकारी रणछोड़ लाल सोलंकी ने बताया कि रविवार को टैंकर के जरिए मीठे पानी की आपूर्ति की गई तथा अब हर दूसरे दिन यहां नियमित रूप से मीठे पानी का टैंकर भेजा जाएगा।
मीठे पानी का टैंकर पहुंचने पर विशेष रूप से महिलाओं ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इधर जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भीलों की ढाणी में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी ग्रामीण को पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।

