विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का दिया जा रहा प्रशिक्षण
📍 सुमेरपुर
🎤 रिपोर्टर : वीरेंद्र प्रताप सिंह देवड़ा, वेरा रामपुरा
उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरटा में शिक्षा विभाग की पहल पर ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का समापन 31 मई को होगा।
प्रधानाचार्य शंभू सिंह राणावत की अध्यक्षता में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविर प्रभारी नरेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि विद्यार्थियों को चार समूहों में बांटकर अलग-अलग गतिविधियां सौंपी गई हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, यातायात नियम, पर्यावरण संरक्षण, अल्प बचत, उपभोक्ता संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट एवं चार्ट निर्माण के माध्यम से रचनात्मक तरीके से सीखने का अवसर भी दिया जा रहा है। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में लगे पौधों की देखभाल कर उन्हें पानी दिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।

