हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से तलवार और तीन वाहन जब्त
📍 जोधपुर
डीएसटी जोधपुर ग्रामीण एवं पुलिस थाना बोरूंदा की संयुक्त टीम ने अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गडरिया गैंग के शातिर बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटर गिरधरसिंह उर्फ गिद्धिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार और तीन वाहन जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध हथियार तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के निर्देशन तथा डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार रविवार को सूचना मिली थी कि आरोपी ग्राम रावनियाना में नंगी तलवार लहराकर ग्रामीणों को धमका रहा है। सूचना पर डीएसटी और बोरूंदा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपी के घर की घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी घर में चारपाई पर तलवार लेकर बैठा मिला। पुलिस को देखते ही उसने अपना जर्मन डॉग पुलिस टीम की ओर छोड़ दिया और खुद पीछे की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए पहले कुत्ते को काबू किया और बाद में पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी गिरधरसिंह उर्फ गिद्धिया पुत्र सुमेरसिंह राजपूत निवासी रावनियाना को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

