पिंडवाड़ा में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
📍 पिंडवाड़ा
पिंडवाड़ा क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर और कौशल संपन्न बनाने के उद्देश्य से वर्धमान संस्कृति सेवाधाम एवं राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया।
इस प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सिलाई-कढ़ाई का हुनर सिखाकर आर्थिक रूप से सशक्त एवं स्वावलंबी बनाना है।
उद्घाटन अवसर पर राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश कुलमी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई सोच विकसित करेगा।
संगठन मंत्री अशोक सेन ने बताया कि इस निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण में 55 महिलाएं एवं बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। उन्होंने बताया कि अब तक संस्था द्वारा मेहंदी, कंप्यूटर एवं नेल आर्ट्स प्रशिक्षण के माध्यम से 229 बालक-बालिकाएं एवं महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं, जबकि 160 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 1 जून 2026 से आदर्श विद्या मंदिर में मेहंदी प्रशिक्षण का तीसरा बैच तथा 1 जुलाई से कंप्यूटर प्रशिक्षण का चौथा बैच शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में नवल राम, ओमप्रकाश गुर्जर, धनाराम मीणा, सुरेन्द्र सिंह भाटी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में प्रशिक्षण लेने आई बालिकाओं एवं महिलाओं ने इस पहल के लिए आयोजक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों में इस प्रशिक्षण केंद्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

