काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस बदले रूट से चलेगी, ऋषिकेश-बाड़मेर ट्रेन रहेगी रेगुलेट
📍 जोधपुर
उत्तर पश्चिम रेलवे ने परिचालन कार्यों के चलते जोधपुर मंडल से जुड़ी कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। 20 से 22 मई के बीच 4 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 2 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गई हैं। इसके अलावा एक ट्रेन बदले हुए मार्ग से चलेगी और एक ट्रेन को रेगुलेट किया जाएगा।
जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि भगत की कोठी-लूनी रेलखंड पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य के कारण यह बदलाव किए गए हैं।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
- 14821 जोधपुर-साबरमती : 20 और 21 मई
- 14822 साबरमती-जोधपुर : 21 और 22 मई
- 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर : 21 मई
- 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी : 22 मई
आंशिक रूप से रद्द ट्रेनें
- 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी : 21 मई को केवल लूनी तक संचालित होगी
- 14893 भगत की कोठी-बाड़मेर : 21 मई को लूनी से रवाना होगी
बदले मार्ग से चलेगी रानीखेत एक्सप्रेस
15014 काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस 20 मई को बदले मार्ग फुलेरा-डेगाना-मेड़ता रोड-जोधपुर होकर संचालित की जाएगी। ट्रेन मकराना, डेगाना और मेड़ता रोड स्टेशनों पर रुकेगी।
रेगुलेट रहेगी ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस
14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 18 मई को बीकानेर-जोधपुर के बीच करीब ढाई घंटे रेगुलेट रहेगी।
रामदेवरा यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे ने बाबा रामदेवरा जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल अनारक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04867 जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल 18 मई को सुबह 9:30 बजे जोधपुर से रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में 04868 रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल दोपहर 2 बजे रवाना होकर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 10 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 8 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। सभी कोच अनारक्षित रहेंगे।
