ऑनलाइन गेमिंग रैकेट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
📍 बाड़मेर
🎤 रिपोर्टर : स्वरूप माली
डीएसटी टीम एवं रीको थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी, फर्जी सिम कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं जोधपुर रेंज पुलिस के निर्देशानुसार साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत यह कार्रवाई की गई।
आदेश कुमार एवं चेन प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामनगर स्थित एक सूने मकान पर दबिश दी, जहां आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से ठगी कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से पुनमाराम जाट निवासी उतरी डेर रेडाणा तथा देवाराम जाट निवासी चीलानाडी कानोड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का उपयोग कर विभिन्न ऑनलाइन गेम संचालित कर रहे थे तथा फर्जी सिम कार्ड और बैंक म्यूल खातों के जरिए लेनदेन कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 95 हजार रुपये नकद, 7 सिम कार्ड, बैंक डायरी, चेक बुक एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन अधिनियम 2025, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में ऑनलाइन ठगी और बैंक म्यूल अकाउंट्स से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

