देदूसर गांव में स्वास्थ्य जांच और जागरूकता अभियान चलाया गया
📍 बाड़मेर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 100 डेज टीबी मुक्त भारत अभियान एवं सिलिकोसिस जांच एवं जागरूकता शिविर (आयुष्मान आरोग्य शिविर) का आयोजन सोमवार को चौहटन ब्लॉक के देदूसर गांव में किया गया।
शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में किया गया, जिसमें आमजन को टीबी एवं सिलिकोसिस रोग के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं।
शिविर के दौरान संभावित टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, बलगम जांच के लिए सैंपल संग्रह, एक्स-रे रेफरल एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही सिलिकोसिस से प्रभावित एवं संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिक वर्ग एवं ग्रामीणों को टीबी और सिलिकोसिस के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच करवाने के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि “100 डेज टीबी मुक्त भारत अभियान” का उद्देश्य टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध करवाना है, ताकि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ अरविंद भट्ट ने बताया कि शिविर में आयुष्मान आरोग्य शिविर के तहत सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर जांच, परामर्श सेवाएं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आशा सहयोगिनियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में टीबी उन्मूलन एवं सिलिकोसिस नियंत्रण को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

