बेजुबान पशुओं के लिए चारा-पानी की लगातार व्यवस्था
📍 शेरगढ़, जोधपुर
🎤 रिपोर्टर : कुलदीप टेलर
जीव दया फाउंडेशन ग्रुप द्वारा शेरगढ़ क्षेत्र के सोईन्तरा गांव में लगातार बेजुबान पशु-पक्षियों की सेवा की जा रही है। सितंबर 2025 में शुरू हुए इस ग्रुप ने कम समय में ही जीव दया के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
फाउंडेशन की ओर से घायल पशु-पक्षियों का रेस्क्यू कर उन्हें गौशाला एवं वन्य जीव उपचार केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं भीषण गर्मी में आवारा गोवंश के लिए चारा-पानी की व्यवस्था भी निरंतर की जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को ग्रुप के सदस्यों ने सोईन्तरा में एक सरकारी भवन की साफ-सफाई कर वहां गोवंश के लिए चारा डलवाया। सदस्यों ने बताया कि गर्मी के दिनों में कई पशु चारे और पानी के अभाव में परेशान रहते हैं, ऐसे में उनका प्रयास है कि क्षेत्र में कोई भी बेजुबान पशु भूखा-प्यासा न रहे।
ग्रुप के सक्रिय सदस्यों ने बताया कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य घायल एवं बीमार पशु-पक्षियों का समय पर रेस्क्यू कर उपचार उपलब्ध करवाना है। अब तक कई घायल पशुओं और पक्षियों को उपचार केंद्र भेजकर उनका इलाज करवाया जा चुका है। ग्रामीणों और भामाशाहों के सहयोग से यह सेवा कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है।
इस सेवा कार्य में टेलपुरी, अनिल सोनी, संतोष सोनी, बाबू प्रजापत, कुलदीप टेलर, डॉ. पूरबाराम, मागु सिंह, बबलू शर्मा, विक्रम सिंह एवं मुसे खा पुरसिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

