192 ग्रामीणों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
📍 सिरोही, पालड़ी गांव
🎤 रिपोर्टर : सुरेश चौहान
आंचल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सिरोही के निकट पालड़ी गांव में नि:शुल्क दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को दांतों एवं मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों के दांतों की जांच कर विभिन्न समस्याओं के उपचार एवं बचाव संबंधी जानकारी दी। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
शिविर में बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों सहित कुल 192 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर लोगों को नियमित रूप से दांतों की सफाई रखने, संतुलित आहार अपनाने तथा समय-समय पर दंत जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की। संस्था प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
गजेंद्र सिंह ने बताया कि संस्था आगे भी जनहित में इस प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

