एक श्रद्धालु की मौत, करीब 30 घायल
📍 चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे
चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस पलट गई, जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। सभी श्रद्धालु चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस की छत पर बैठे कई यात्री सड़क पर जा गिरे।
महेंद्र सिंह गुर्जर के अनुसार “राजनंदिनी” नाम की प्राइवेट बस सर्विस रोड पर चल रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस मुख्य हाईवे की ओर बढ़ गई। तेज रफ्तार के कारण बस ने डिवाइडर, बिजली के पोल और सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए पलटी खा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों का कहना है कि बस तेज गति से चलाई जा रही थी। हादसे के समय पीछे से कोई अन्य वाहन नहीं आने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

