स्व. सोमतमल सोलंकी की स्मृति में गौशाला को मिला नया ट्रेक्टर
📍 भीनमाल
🎤 रिपोर्टर : घेवाराम चौहान
समाजसेवा, जनहित और गौसेवा के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाले स्वर्गीय सोमतमल सोलंकी की पुण्यस्मृति में प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। स्थानीय भगवती ऑटो एजेंसी की ओर से श्री गोविंद गौ सेवा समिति को गौसेवा कार्यों के लिए नया ट्रैक्टर भेंट कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजबंधु, गौभक्त एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय सोमतमल सोलंकी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही उन्होंने समाज और संगठन के लिए जो कार्य किए, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेंगे। उनका स्वभाव अत्यंत मिलनसार, सहज और जनहितकारी था, जिसके कारण वे सर्वसमाज में लोकप्रिय रहे।
बताया गया कि सोमतमल सोलंकी भारतीय जनता युवा मोर्चा जालोर के पूर्व जिलामंत्री रह चुके थे तथा सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी धर्मपत्नी भी भीनमाल नगरपालिका चुनाव में भाजपा से पार्षद निर्वाचित हुई थीं।
वे व्यवसाय के सिलसिले में बागोड़ा क्षेत्र में नियमित रूप से सक्रिय रहते थे तथा मैसी ट्रैक्टर के अधिकृत विक्रेता के रूप में कार्य कर रहे थे। कुछ समय पूर्व सड़क दुर्घटना में उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्रभर में शोक की लहर फैल गई थी।
गौशाला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भेंट किया गया नया ट्रैक्टर गौशाला संचालन, चारे की व्यवस्था एवं अन्य गौसेवा कार्यों में उपयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सहयोग गौसेवा को मजबूती देने के साथ-साथ स्वर्गीय सोमतमल सोलंकी की स्मृति को सदैव जीवंत बनाए रखेगा।

