दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, पति पर हत्या का आरोप
📍 सिवाना-बालोतरा
सिवाना कस्बे के जीनगरों का वास मोहल्ले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार समदड़ी निवासी नितेश ने अपनी पत्नी कांता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी से तलाक की बात कर रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर घटना हुई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और परिजन दोनों को गंभीर हालत में सिवाना उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कांता को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हाई सेंटर रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार कांता मजदूरी कर अपने दो बच्चों का पालन-पोषण करती थी। घटना के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही सिवाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों से पूछताछ शुरू की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच करेगी।

